
उदयपुर शहर से सटे अंबेरी पुलिया पर गुरु रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब पिंडवाड़ा हाईवे पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे 407 मिनी ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मिनी ट्रक में टेंट का सामान भरा हुआ था। जैसे ही ट्रक चालक ने बेरियर के पास अचानक ब्रेक लगाया, पीछे से आ रही कार सीधे ट्रक में जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।सूचना मिलने पर सुखेर थानाधिकारी भरत योगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान 108 एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद मिनी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। दोनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं और उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कार सवार लोग झालावाड़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।